
पलामू : झारखंड के पलामू जिला स्थित नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय में प्रभारी कुलसचिव की नियुक्ति होने तक वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने दिया है। उच्च शिक्षा निदेशालय के निदेशक सुधीर बाड़ा ने 9 सितंबर 2026 को इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र भेजा है।
पत्र में कहा गया है कि प्रभारी कुलसचिव की नियुक्ति के लिए विभाग ने विश्वविद्यालय से तीन नामों का पैनल मांगा था। विश्वविद्यालय की ओर से तीन नामों का पैनल विभाग को उपलब्ध करा दिया गया है। हालांकि, विभागीय मंत्री के आकस्मिक निधन के कारण प्रभारी कुलसचिव की नियुक्ति में विलंब होने की संभावना है।
ऐसे में विभाग ने निर्देश दिया है कि प्रभारी कुलसचिव की नियुक्ति होने तक विश्वविद्यालय अपने स्तर से वैकल्पिक व्यवस्था यथाशीघ्र करे, ताकि नियमित कार्यों का निष्पादन प्रभावित न हो। साथ ही की गई कार्रवाई से उच्च शिक्षा निदेशालय को अवगत कराने को कहा गया है।

