Chaibasa : ओडिशा के बड़बिल थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हाल ही में हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने बैंक डकैती को अंजाम देने वाले अपराधी सीपू कुमार की रविवार सुबह करीब तीन बजे पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बदमाश घायल हुआ है। उसके पैर में गोली लगी है।

मालूम हो कि इस सनसनीखेज मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि मुख्य आरोपी सिपु कुमार घटना के बाद से फरार चल रहा था। फरार आरोपी सिपु कुमार बिहार के पटना जिले के पिपरा गांव का निवासी है और वह एक कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधी है। उसके खिलाफ ओडिशा, बिहार और झारखंड में हत्या, अवैध हथियार रखने, डकैती, लूट तथा जबरन वसूली जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। इसी कारण वह लंबे समय से पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। पिछले एक सप्ताह से बड़बिल पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि आरोपी ओडिशा–झारखंड सीमा से सटे टांकुरा जंगल में छिपा हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात जंगल क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी सिपु कुमार के पैर में गोली लग गई। इससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर गंभीर अवस्था में बड़बिल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी बंदूक भी बरामद की है। मामले को लेकर आगे की जांच जारी है और पुलिस उससे जुड़े अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। गौरतलब है कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में बदमाशों ने पांच करोड़ रुपए से अधिक का सोना और आठ लाख रुपए नकद लूट लिया था।
Read Also: Chaibasa Crime : चोरी की 5 मोटरसाइकिलों के साथ पुलिस ने एक युवक को किया गिरफ्तार

