
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर में बीते दिनों घरों और दुकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खिलाफ सोमवार देर शाम व्यापारियों ने बड़ा प्रदर्शन किया। व्यापारी संघ के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया जो पवन चौक से शुरू होकर चक्रधरपुर थाना तक पहुंचा।
व्यापारियों ने जताया आक्रोश
हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर जुटे व्यापारियों ने शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरियों की वजह से व्यापारी और आम लोग अपने घर-प्रतिष्ठान की सुरक्षा को लेकर सहमे हुए हैं। चोरों के हौसले बढ़ने से व्यापारियों में डर और गुस्सा दोनों है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की घटनाओं पर तुरंत रोक लगाई जाए और गश्त बढ़ाई जाए।
मंगलवार को चक्रधरपुर बंद का ऐलान
व्यापारी संघ ने बैठक में फैसला लिया कि चोरी की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को शहर के सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। व्यापारियों ने हाल ही में रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई बड़ी चोरी का मुद्दा भी उठाया और पुलिस से चोरी गए सामान को जल्द बरामद करने की मांग की। उनका कहना था कि जब तक चोरियां नहीं रुकतीं और सामान वापस नहीं मिलता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
कौन-कौन रहे शामिल
कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में *व्यापारी और व्यवसायी शामिल हुए। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक, पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, व्यापारी संघ के गोपाल खिरवाल, नारायण अग्रवाल, सज्जन भगेरिया, सचिन केडिया, अवध खिरवाल, आशीष पाड़िया, सतीश भगेरिया, अजय शर्मा, कमल अग्रवाल, विक्की पाड़िया, रितेश पाड़िया, महेश मोदी, मनोज खिरवाल, नरेश कड़िया, माधव झुनझुनवाला, गुलशन चुक, पमपम केजरीवाल, संतोष अग्रवाल, जयप्रकाश अग्रवाल समेत कई लोग मौजूद थे।
भाजपा ने बंद को दिया समर्थन
भाजपा जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक और पूर्व विधायक शशि भूषण सामड ने मंगलवार के बंद का पूरा समर्थन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स की चोरी ने पूरे व्यापारी वर्ग को झकझोर दिया है। व्यापारियों की सुरक्षा के लिए शहर में पुलिस पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।
Read Also Chaibasa News : शॉर्ट सर्किट से ऐश्वर्या बस जलकर खाक, चालक-खलासी बचे

