पलामू। जिले में सोमवार की रात एक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी ओम प्रकाश प्रजापति अपने साले रिंकेश प्रजापति के साथ गजना धाम में एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होकर सोमवार रात घर लौट रहे थे।
छतरपुर-गजना मार्ग पर पथरा खुर्द गांव स्थित पंचायत भवन के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार ओम प्रकाश प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद युवक रिंकेश बाल-बाल बच गया।
बाईक में मारी जोरदार टक्कर
ओम प्रकाश प्रजापति के रितश्तेदार सीताराम प्रजापति ने बताया कि ओम प्रकाश अपने साले रिंकेश प्रजापति के साथ गजना धाम से घर लौट रहे थे। पथरा खुर्द के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में ओम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि रिंकेश को मामूली चोटें आईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर देर रात थाना ले आई। मंगलवार सुबह परिजनों का बयान दर्ज करने के बाद मामला क्षेत्राधिकार के अनुसार हुसैनाबाद थाना को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया हुसैनाबाद में पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Read Also: http://RANCHI NEWS: उत्पाद विभाग ने की कार्रवाई, नकली शराब कारोबारी गिरफ्तार

