
Jamshedpur News : टाटा स्टील टिनप्लेट डिवीजन के विस्तारीकरण प्रोजेक्ट में लगातार हो रहे हादसों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। बीते शनिवार को फैक्ट्री इंस्पेक्टर धीरेन्द्र मुंडा और कंपनी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पूरे प्रोजेक्ट क्षेत्र का घंटों निरीक्षण किया। टीम ने पिछले सात दिनों में हुए दोनों हादसों के स्थलों का जायजा लेकर सुरक्षा खामियों की बिंदुवार जांच की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिया।
दलदली हिस्सों को सुरक्षित करने का निर्देश
निरीक्षण के बाद प्रोजेक्ट के सिविल साइट से जुड़े एक इंजीनियर को हटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सिविल कार्य वाले स्थानों के आसपास मौजूद दलदली हिस्सों को सुरक्षित करने, साइट पर बिखरी निर्माण सामग्री को हटाने तथा कार्यस्थल को व्यवस्थित रखने को कहा गया। वाहनों, क्रेन और अन्य मशीनरी का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने का भी निर्देश दिया गया है।
पूरे प्लांट का होगा सुरक्षा ऑडिट
फैक्ट्री इंस्पेक्टर ने पूरे प्लांट का भी थर्ड पार्टी से सुरक्षा ऑडिट कराने को कहा है। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। धीरेन्द्र मुंडा ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानक पूरी तरह पुख्ता होने तक सिविल कार्य दोबारा शुरू नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दिए गए निर्देशों के अनुपालन में तीन से चार दिन का समय लग सकता है। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जाएगी और लगातार निगरानी जारी रहेगी।
सात दिन में दूसरा हादसा, एक की मौत
टिनप्लेट विस्तारीकरण प्रोजेक्ट में पिछले सात दिनों के भीतर दो हादसे हो चुके हैं। 11 सितंबर को हुए हादसे में दिनेश कुमार सिंह की मौत हो गई थी। वहीं शुक्रवार को हुए हादसे में दिलीप शर्मा समेत अन्य लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल दिलीप शर्मा का इलाज टीएमएच के आईसीयू में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई गई है।
लगातार हुए हादसों के बाद अब प्रोजेक्ट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी गई है। प्रोजेक्ट कार्य शुरू करने से पहले सभी सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करना है।

