Home » Palamu Storm News : पलामू में आंधी-पानी का कहर, पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत, कई घर क्षतिग्रस्त

Palamu Storm News : पलामू में आंधी-पानी का कहर, पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत, कई घर क्षतिग्रस्त

by Rakesh Pandey
Palamu Storm News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड के पलामू जिले में बुधवार देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने व्यापक तबाही मचाई। जिले के अलग-अलग इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। कई कच्चे मकान और झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। तेज तूफान के कारण डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास रेलवे तार टूटने से रेल परिचालन भी करीब एक घंटे तक बाधित रहा।

प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आंधी-पानी के कारण घरों की छतें उड़ गईं और कई जगहों पर सोलर प्लेट भी टूट गईं। ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

इलाज कर लौट रहे बाइक सवार पर गिरा पेड़, एक की मौत

जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। हाई स्कूल-शिवालय रोड स्थित मरघटिया के पास अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ सड़क पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में बाइक सवार दो लोग आ गए। हादसे में बिहार के औरंगाबाद जिले के तिवारीडीह निवासी 50 वर्षीय कामदेव चंद्रवंशी की मौत हो गई, जबकि अनिल चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया कि कामदेव चंद्रवंशी शादी समारोह में शामिल होने रामबांध टोला के धोबियाडीह आए हुए थे। तबीयत खराब होने पर रिश्तेदार अनिल चंद्रवंशी उन्हें इलाज कराने बाइक से हैदरनगर ले गए थे। इलाज के बाद दोनों वापस लौट रहे थे, तभी तेज आंधी के बीच सड़क किनारे खड़ा विशाल पीपल का पेड़ अचानक बाइक पर गिर गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य चलाकर दोनों को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने कामदेव चंद्रवंशी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल चंद्रवंशी को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

बारात में जा रहे युवक की पेड़ गिरने से मौत

पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में भी आंधी-पानी के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। नौडीहा गांव निवासी 18 वर्षीय पप्पू कुमार की पेड़ गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पप्पू कुमार साउंड सिस्टम लेकर बारात में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई।

तेज हवा के कारण सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ गिर पड़ा और पप्पू उसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से पेड़ हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रेलवे परिचालन और जनजीवन पर पड़ा असर

तेज आंधी और बारिश का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा। डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन से सटे सिंगरा इलाके में रेलवे का तार टूट जाने से करीब एक घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से यातायात और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

घर पर गिरा पेड़, महिला की मौत

लातेहार : जिले के बालूमाथ प्रखंड के बरवाटोला गांव में बुधवार रात आए तूफान की चपेट में आने से विशालकाय पेड़ एक ग्रामीण के घर पर गिर गया। इस घटना में महिला सीमा देवी (40) की मौत हो गई। जबकि घर को भी काफी नुकसान हुआ। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात अचानक तेज आंधी तूफान आई थी। इस दौरान बरवाटोला गांव निवासी राजेंद्र गंझु का पूरा परिवार घर में ही था। तूफान की चपेट में आने से घर के पास खड़ा पेड़ अचानक टूट गया और घर के ऊपर गिर गया। इसकी चपेट में राजेंद्र गंझु की पत्नी सीमा देवी भी आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया परंतु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन की टीम गुरुवार की सुबह मृतक के घर पहुंच कर पूरी वस्तुस्थिति का जायजा लिया। अंचल अधिकारी बालेश्वर राम और प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और सरकारी प्रावधान के तहत सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

Read Also- Naxalite Surrender : नक्सलियों के टेक्निकल विंग के हेड 25 लाख के इनामी नरहरि उर्फ विश्वनाथ ने किया सरेंडर

Related Articles

Leave a Comment