RANCHI: रांची में नाबालिग जसीम मंसूरी हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी शाहिद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि अवैध संबंध का विरोध करने पर नाबालिग की हत्या कर दी गई थी। बता दें कि पुंदाग ओपी क्षेत्र के लाजपत नगर में बन रहे एक चार मंजिला अपार्टमेंट से बुधवार को जसीम का शव बरामद हुआ था। मृतक पंडरा थाना क्षेत्र के मुस्लिम मोहल्ले का निवासी था और दो फरवरी से लापता था। परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान परिजन निर्माणाधीन इमारत तक पहुंचे, जहां ऊपरी मंजिल के पास शव मिला। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की जांच जारी है।


