Ranchi: रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर के खोरहा टोली से लापता हुई 18 माह की मासूम बच्ची अदिति पांडे की तलाश में रांची पुलिस लगातार अभियान चला रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर स्तर पर जांच में जुटी हुई है। तकनीकी जांच के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज खंगालने, आसपास के इलाकों में पूछताछ और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
रांची पुलिस ने बच्ची के संबंध में सही और ठोस जानकारी देने वाले व्यक्ति को अब एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी हिचकिचाहट के आगे आकर मदद कर सकें।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों का कहना है कि आपकी एक छोटी सी सूचना मासूम अदिति को उसके परिवार तक सुरक्षित पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। पुलिस ने रांची एसएसपी 9431706136, सिटी एसपी 9431706137, सदर डीएसपी 9431102090 और सदर थाना प्रभारी 9431706160 के इन नंबरों पर सूचना देने की अपील की है।

