RANCHI: प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में शुक्रवार को नगर निगम रांची की इंजीनियरिंग शाखा की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें विभागीय कार्यों की प्रगति, नए विकास कार्यों की रूपरेखा तथा भविष्य की प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई। जिसमें मुख्य रूप से नये पार्किंग, अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, वेंडिंग जोन, पाथवे, आश्रयगृह और निगम की अन्य विकास योजनाओं के विषय में चर्चा की गई। इस दौरान नई योजनाओं को लेकर प्रेजेंटेशन भी दिया गया।
ठोस कार्ययोजना तैयार करे विभाग
प्रशासक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निगम की निजी संपत्तियों को सुंदर और आकर्षक स्वरूप देने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। निजी संपत्तियों के सौंदर्यीकरण से न केवल शहर का स्वरूप बेहतर होगा, बल्कि राजस्व वृद्धि में भी सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि निगम की भूमि के बेहतर उपयोग की दिशा में व्यवहारिक एवं नवाचार आधारित सुझाव तैयार किए जाएं। निगम की खाली और उपलब्ध भूमि का योजनाबद्ध उपयोग करते हुए सामुदायिक संरचनाएं, सार्वजनिक सुविधाएं तथा राजस्व सृजन करने वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास परियोजनाओं के लिए कार्य समयसीमा तय की जाए तथा प्रत्येक कार्य की प्रगति की मॉनिटरिंग नियमित रूप से की जाए।
लोगों की समस्याओं का समाधान
‘आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ की शुरुआत की गई। जिसमें योजनाओं से संबंधित आवेदन, समस्याएं और शिकायतें वार्ड वार शिविर लगाकर ली जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को सीधे लोगों के द्वार तक पहुंचाना, पारदर्शिता बढ़ाना और लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाना है। रांची नगर निगम क्षेत्र में आज वार्ड 1 के कांके रोड, सीएमपीडीआई के समीप और वार्ड 2 एदलहातु, जोगो पहाड़ के पास में शिविर लगाया गया।
प्रशासक ने दोनों शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं को समयबद्ध और प्रभावी रूप से आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उप प्रशासक द्वारा आयोजित शिविर में ऑन-द-स्पॉट मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत श्रमिक साथियों को जॉब कार्ड उपलब्ध कराए गए। शिविर में निगम द्वारा प्रदत्त सेवाओं यथा प्रधानमंत्री आवास योजना, डे एनयूएलएम अंतर्गत एसइपी-I, जन्म निबंधन, होल्डिंग एवं ट्रेड लाइसेंस, जल संयोजन से संबंधित कुल 129 आवेदन आज दोनों शिविरों से प्राप्त किया गया।

