RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के दूसरे सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल सदर में ऑर्थोपेडिक से जुड़ी विभिन्न बीमारियों और सर्जरी के लिए सब-स्पेशियलिटी क्लिनिक की शुरुआत की गई है। इतना ही नहीं साप्ताहिक ओपीडी का टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत मरीजों को अलग-अलग दिन विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लेने की सुविधा मिलेगी।ओपीडी का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।
लंबी वेटिंग से मिलेगा छुटकारा
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की सब-स्पेशियलिटी व्यवस्था से मरीजों को सही दिन पर सही विशेषज्ञ से परामर्श मिल सकेगा, जिससे इलाज की गुणवत्ता और रिकवरी दोनों में सुधार होगा। इससे लंबी कतारों और बेवजह प्रतीक्षा समय में भी कमी आएगी। एक्सपर्ट्स के अनुसार, हड्डियों और जोड़ों से संबंधित बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में इस तरह की अलग-अलग क्लिनिक की व्यवस्था मरीजों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। मरीजों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या के अनुसार निर्धारित दिन पर ही अस्पताल पहुंचे, ताकि उन्हें बेहतर और त्वरित इलाज मिल सके।
बीमारियों के हिसाब से इलाज
जारी शेड्यूल के अनुसार सोमवार को ज्वॉइंट रिप्लेसमेंट एंड एडल्ट रिकंस्ट्रक्शन क्लिनिक चलेगा, जिसमें घुटना, कूल्हा और कंधे से जुड़ी समस्याओं का इलाज किया जाएगा। मंगलवार को स्पोर्ट्स मेडिसिन क्लिनिक का शेड्यूल होगा, जहां लिगामेंट इंजरी, खासकर घुटने और कंधे की चोटों का ट्रीटमेंट किया जाएगा।
बुधवार को स्पाइन सर्जरी एंड टीबी स्पाइन से संबंधित मामलों के लिए विशेष क्लिनिक रहेगा। इस दिन रीढ़ की हड्डी की गंभीर समस्याओं और टीबी से जुड़े मामलों का इलाज किया जाएगा। गुरुवार को हैंड, फुट और एंकल से जुड़ी विकृतियों और ट्रॉमा के लिए क्लिनिक संचालित होगा, जिसमें दुर्घटना या जन्मजात समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को राहत मिलेगी।
शुक्रवार को पीडियाट्रिक ऑर्थो क्लिनिक रहेगा, जहां बच्चों की हड्डियों और जोड़ों से संबंधित बीमारियों का इलाज किया जाएगा। वहीं शनिवार को ऑर्थोपेडिक ऑन्कोलॉजी क्लिनिक का संचालन होगा, जिसमें हड्डियों के कैंसर और ट्यूमर से जुड़े मामलों की जांच और इलाज किया जाएगा।

