पलामू : झारखंड के पलामू जिले में छतरपुर-हरिहरगंज फोरलेन बाइपास पर तेज रफ्तार इंडिका कार की चपेट में आने से लूना मोपेड पर सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान नावाबाजार थाना क्षेत्र के दमारो पड़वा मोड़ा निवासी लालू साव (60) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, लालू साव अपने मौसेरे भाई के भोज में शामिल होने के लिए मनहु गांव जा रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज के पास तेज गति से आ रही इंडिका कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने छतरपुर थाना की पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि लालू साव घर से भोज में शामिल होने निकले थे, लेकिन तय समय तक नहीं पहुंचने पर उनकी खोजबीन शुरू की गई। थोड़ी देर बाद ही पुलिस द्वारा घटना की सूचना दी गई।
छतरपुर थाना की पुलिस ने इंडिका कार को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया है। पुलिस अब उस कार की तलाश कर रही है, जिसने बुजुर्ग की जान ले ली। इसके लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जो सड़क पर और आसपास में लगे हैं। पुलिस का कहना है कि कहीं न कहीं कैमरे में कार दिख जाएंगी।

