RANCHI : अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर रांची के एसएसपी राकेश रंजन देर रात अचानक सड़कों पर उतर आए। 13 मार्च की रात करीब एक बजे उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण कर पुलिस और पेट्रोलिंग व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी का ये निरीक्षण सबके लिए सरप्राइज था। इसकी जानकारी पहले से किसी भी थाना प्रभारी या पुलिस कर्मियों को नहीं थी। निरीक्षण के दौरान एसएसपी की गाड़ी अलग-अलग पेट्रोलिंग पॉइंट्स पर पहुंची और वहां तैनात पुलिसकर्मियों की सक्रियता देखी।
इस दौरान उन्होंने बिरसा चौक, मेन रोड के संवेदनशील इलाके जैसे एकरा मस्जिद क्षेत्र, हरमू बाईपास रोड और अरगोड़ा चौक सहित कई प्रमुख स्थानों का दौरा किया। निरीक्षण के क्रम में एक पुलिस पदाधिकारी ड्यूटी में लापरवाही करते हुए पाए गए, जिस पर एसएसपी ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को रात के समय सतर्कता बढ़ाने और गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को हर हाल में मजबूत रखा जाएगा।

