सेंट्रल डेस्क : केंद्र सरकार ने आधा दर्जन मंत्रालयों की शीर्ष नौकरशाही में फेरबदल करते हुए सचिव बदल दिए हैं। डेढ़ साल पहले अशांत मणिपुर को संभालने के लिए भेजे गए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनीत जोशी को फिर से दिल्ली बुला लिया गया है। उन्हें शिक्षा मंत्रालय में उच्च शिक्षा सचिव की नई जिम्मेदारी दी गई है। हाल ही में इस पद पर तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के. संजय मूर्ति को देश का नया नियंत्रक महालेखा परीक्षक (सीएजी) बनाया गया था। जिसके बाद से यह पद खाली था।
छह वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले
केंद्र सरकार ने इसके साथ ही छह और वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। इनमें कपड़ा मंत्रालय की सचिव रचना शाह को केंद्रीय कार्मिक और पेंशन मंत्रालय का नया सचिव बनाया गया है। शाह केरल कैडर की 91 बैच की अधिकारी हैं।
अमित अग्रवाल को फार्मा विभाग की जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ कैडर के 93 बैंच के आईएएस अधिकारी अमित अग्रवाल को यूआईएआई के सीईओ की जगह अब रसायन और उर्वरक मंत्रालय के फार्मा विभाग का सचिव बनाया गया है। जबकि हरियाणा कैडर की 93 बैच के आईएएस अधिकारी नीरजा शेखर को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के विशेष सचिव की जगह अब डीपीआईआईटी के तहत आने वाले राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद (एनपीसी) का महानिदेशक बनाया गया है।
अरुणिश चावला राजस्व विभाग के सचिव बने
वहीं रसायन व उर्वरक मंत्रालय के फार्मा विभाग के सचिव अरुणिश चावला को वित्त मंत्रालय में राजस्व विभाग का सचिव बनाया गया है। राजस्व सचिव रहे संजय अग्रवाल को हाल ही में रिजर्व बैंक का गर्वनर बनाया गया था। इसके साथ ही चावला को संस्कृति मंत्रालय के सचिव का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। चावला बिहार कैडर के 92 बैच के अधिकारी है।
कपड़ा मंत्रालय की सचिव बनीं नीलम शमी
प्रशासनिक फेरबदल में केंद्र ने जिन आईएएस अधिकारियों के तबादले किए है, उनमें संजय सेठी को अल्पसंख्यक मंत्रालय के तहत काम करने वाले राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का सचिव बनाया गया है। वहीं अब तक इस पद रहीं नीलम शमी राव को कपड़ा मंत्रालय का नया सचिव बनाया गया है। संजय सेठी जहां महाराष्ट्र कैडर के 92 बैंच के अधिकारी हैं, वहीं नीलम शमी राव मध्य प्रदेश कैडर की 92 बैंच की अधिकारी हैं।
Read Also: UP Ias Officers Promotion: 95 आईएएस अफसरों को मिला प्रमोशन, कई जिलों के डीएम बदले जाएंगे

