
दावा-आपत्ति के लिए 15 सितंबर तक मौका, 19 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नाम जोड़ने, हटाने और मतदाता विवरण में सुधार कराने के लिए आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, दावा एवं आपत्ति की अवधि के दौरान विभिन्न प्रपत्रों के माध्यम से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 3 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 के माध्यम से कुल 3 लाख 19 हजार 457 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं 4 सितंबर को भी प्रपत्र-6 के माध्यम से 22 हजार 120 नए आवेदन मिले हैं। इससे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों की बढ़ती सक्रियता का पता चलता है।
विदेशों में निवास करने वाले पात्र भारतीय नागरिकों के मतदाता पंजीकरण के लिए निर्धारित प्रपत्र-6ए के माध्यम से कुल 66 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 4 सितंबर को प्राप्त 4 नए आवेदन भी शामिल हैं।
मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम को हटाने अथवा किसी नाम के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-7 के माध्यम से कुल 2 हजार 214 आवेदन एवं आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। 4 सितंबर को इस प्रपत्र के तहत 87 नए आवेदन और आपत्तियां दर्ज की गईं।
मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में सुधार और संशोधन के लिए प्रपत्र-8 के माध्यम से कुल 2 लाख 6 हजार 499 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 4 सितंबर को प्राप्त 12 हजार 357 आवेदन शामिल हैं। प्रपत्र-8 के माध्यम से बड़ी संख्या में आवेदन मिलने से मतदाता अपने विवरणों को सही और अद्यतन कराने के लिए भी सक्रिय नजर आ रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता अपने नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर आवश्यक संशोधन के लिए भी संबंधित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन दे सकते हैं । दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में मतदाताओं और पात्र नागरिकों के पास अपने नाम से संबंधित दावा, आपत्ति अथवा संशोधन के लिए आवेदन प्रस्तुत करने का सीमित समय बचा है।
दावा एवं आपत्ति की अवधि समाप्त होने के बाद प्राप्त आवेदनों की जांच और उनका निष्पादन किया जाएगा। इसके बाद पूरी प्रक्रिया संपन्न होने पर 19 अक्टूबर 2026 को झारखंड की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
विशेष गहन पुनरीक्षण के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में पात्र नागरिकों से समय सीमा के भीतर अपने मतदाता संबंधी विवरण की जांच कर आवश्यकतानुसार आवेदन करने की अपेक्षा की जा रही है, ताकि अंतिम मतदाता सूची में सही और अद्यतन जानकारी दर्ज हो सके।

