
कोडरमा : झारखंड की कोडरमा घाटी के काली मंडा के पास शनिवार को पाम ऑयल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर देखने को मिली। दुर्घटनाग्रस्त टैंकर में चालक फंसा हुआ था, लेकिन उसकी मदद करने के बजाय बड़ी संख्या में लोग टैंकर से तेल निकालने में जुट गए।
बताया गया कि करीब एक घंटे तक टैंकर से पाम ऑयल लूटने का सिलसिला चलता रहा। आसपास के लोग बाल्टी, डिब्बे और दूसरे बर्तन लेकर मौके पर पहुंचते रहे और टैंकर से तेल भरकर ले जाते रहे। हैरानी की बात यह रही कि तेल लूटने वालों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे।
चालक टैंकर में फंसा रहा, भीड़ तेल भरने में व्यस्त
हादसे के बाद टैंकर के अंदर चालक फंसा रहा और काफी देर तक मदद का इंतजार करता रहा। मौके पर मौजूद भीड़ का ध्यान चालक को बाहर निकालने के बजाय तेल जमा करने पर था। किसी ने तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना देने की भी जहमत नहीं उठाई।
बाद में एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तेल ले जा रहे लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद टैंकर में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। चालक को मामूली चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
क्रेन की मदद से टैंकर को हटाया गया
पुलिस की कार्रवाई के बाद दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को क्रेन की सहायता से सीधा कराया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। जानकारी के अनुसार, पाम ऑयल से भरा टैंकर हरदिया, रजौली (नवादा) की ओर जा रहा था। काली मंडा के पास किसी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद चालक को बचाने के बजाय तेल लूटने के लिए उमड़ी भीड़ की तस्वीर ने पूरे घटनाक्रम को और गंभीर बना दिया। दुर्घटना से अधिक लोगों के इस रवैये की चर्चा क्षेत्र में होती रही।

