Home » Jugsalai Firing: बछड़े की चोरी के शक में जुगसलाई में दो गुटों के बीच झड़प के बाद पुलिस ने भांजी लाठियां, हवाई फायरिंग भी की

Jugsalai Firing: बछड़े की चोरी के शक में जुगसलाई में दो गुटों के बीच झड़प के बाद पुलिस ने भांजी लाठियां, हवाई फायरिंग भी की

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जुगसलाई थाना क्षेत्र के जुगसलाई स्थित ईदगाह मैदान के पास शुक्रवार देर रात बछड़े की चोरी के शक को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। दो गुटों के बीच हिंसक झड़प को देखते हुए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कथित तौर पर हवाई फायरिंग भी की। सूचना के अनुसार, दो से तीन राउंड फायरिंग की गई। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

प्रथम दृष्टया मिली जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्ठा स्थित ग्वालाबस्ती से एक गाय का एक बछड़ा चोरी कर लिया गया था। बछड़े की तलाश करते हुए उसके मालिक और अन्य लोग जुगसलाई पहुंचे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि ईदगाह मैदान के पास स्थित सगुआ होटल में उक्त बछड़े को खपाया गया है।

इसके बाद लोग होटल पहुंचकर मामले की पूछताछ करने लगे। पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ गया और इसकी जानकारी आसपास के इलाकों में फैल गई। देखते ही देखते गद्दी मोहल्ला और ग्वाला बस्ती से भी बड़ी संख्या में लोग ईदगाह मैदान की ओर पहुंचने लगे। इससे इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ को नियंत्रित करने में सफलता नहीं मिली। स्थिति को देखते हुए क्यूआरटी की दो गाड़ियों को भी मौके पर भेजा गया।

बाद में डीएसपी सुमित कुमार समेत आसपास के थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस द्वारा कथित तौर पर हवाई फायरिंग की गई। सूचना के मुताबिक, दो से तीन राउंड फायरिंग हुई।

समाचार लिखे जाने तक ईदगाह मैदान और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए थी और तनाव को देखते हुए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई थी। मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत बयान का इंतजार है।

Read also – Teachers Day Special : पवन चौबे के संगीत के सुरों से राष्ट्रीय मंच तक पहुंच रहे तुरामडीह के बच्चे

Related Articles

Leave a Comment