
Jamshedpur : सीतारामडेरा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। निर्मल नगर में शुक्रवार सुबह मामूली विवाद में खूनी खेल खेला गया। घर के बाहर कुछ युवक प्लास्टिक का तार जला रहे थे। जहरीले धुएं से परेशान महिला ने उन्हें मना किया। इसी बात पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे।
बचाव करने गए बेटे पर चाकू से वार
विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने महिला के गले से डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन छीन ली। मां को बचाने आए बेटे अमित कुमार पर दबंगों ने चाकू से हमला कर दिया। अमित के हाथ और पैर पर चाकू से गहरे घाव किए गए। इतने से भी मन नहीं भरा, तो घायल अमित को नाले में फेंक दिया। परिजनों ने जब बचाने की कोशिश की, तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी गई। वारदात छुपाने के लिए बदमाशों ने घर के बाहर लगे दोनों सीसीटीवी कैमरे पहले ही उखाड़ दिए थे।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच शुरू
परिजनों ने अमित को नाले से निकालकर तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

