
चाईबासा : JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त अभियान के तहत छात्र नेता देवेंद्र महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा पहुंची। यात्रा वाहन के चाईबासा पहुंचने पर छात्रों ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा। देवेंद्र महतो ने कहा कि झारखंड में लगातार हो रहे पेपर लीक ने राज्य के युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। सरकार की लापरवाही और सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण मेहनती छात्र दर-दर भटक रहे हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं होने से युवाओं में भारी आक्रोश है।
उन्होंने बातचीत में कहा कि JPSC घोटाला एक बड़ा घोटाला है और इसमें शामिल मुख्य आरोपी अभय तिवारी सहित अन्य लोगों की सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस घोटाले में चाहे कोई मंत्री हो, विधायक हो या बड़ा प्रशासनिक अधिकारी, सभी पर सरकार को कड़ी और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
महतो ने कहा कि झारखंड के युवाओं के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर समय रहते भर्ती व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो पूरे राज्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर इस भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और उन्होंने भर्ती सुधार यात्रा का समर्थन किया।

