
चाईबासा : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा जागृति शाखा ने अनोखी पहल करते हुए मानव सेवा का संदेश दिया। “नंद के आनंद भयो” की भावना के साथ शाखा की सदस्यों ने चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचकर वहां जन्मे नवजात शिशुओं और उनकी माताओं को जन्माष्टमी की बधाई दी।
इस दौरान अस्पताल में बाल गोपाल के रूप में जन्मे छोटे-छोटे नवजात शिशुओं का स्वागत किया गया। शाखा की ओर से सभी नवजातों को दूध की बोतल, बच्चों के कंबल, डायपर (पैंपर्स), तौलिया, फल सहित अन्य जरूरी सामग्री उपहार स्वरूप दी गई।
कार्यक्रम के दौरान इनकी रहीं उपस्थित
जन्माष्टमी जैसे पावन पर्व पर नवजात शिशुओं के साथ समय बिताकर शाखा की सभी सदस्यों ने खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान शाखा अध्यक्ष चंदा अग्रवाल, सचिव रिंकी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष खुशबू दोदराजका, मीडिया प्रभारी दीपा दोदराजका सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
नवजातों के बीच खुशियां बांटने से बड़ा कोई उत्सव नहीं
शाखा अध्यक्ष चंदा अग्रवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर नवजातों के बीच खुशियां बांटने से बड़ा कोई उत्सव नहीं हो सकता। यह सेवा ही सच्ची भक्ति है। सचिव रिंकी अग्रवाल ने बताया कि मंच आगे भी इस तरह के सेवा कार्य करता रहेगा। इस सेवा कार्य में सहयोग के लिए शाखा ने लतिका अग्रवाल का आभार जताया, जिन्होंने बच्चों के लिए तौलिये का सहयोग किया, वहीं पूजा बगड़िया ने पैंपर्स का सहयोग दिया।
अस्पताल प्रबंधन और नवजातों की माताओं ने मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा के इस कार्य की सराहना की और कहा कि त्योहार के मौके पर इस तरह का सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है।
Read Also Chaibasa Rape Case : लोहरदा दुष्कर्म कांड का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को अंकोलकुटी से दबोचा

