
Sahibganj : मालदा-साहिबगंज रेलखंड पर तिलडांगा और न्यू फरक्का के बीच गुरुवार को हुए भू-धंसान के कारण शुक्रवार को भी रेल सेवा प्रभावित रही। तीन और चार सितंबर को करीब 49 ट्रेनों को रद्द किया गया, जबकि 50 ट्रेनों का मार्ग बदलकर परिचालन कराया गया। कई ट्रेनों का आंशिक समापन भी किया गया।
पटना-मालदा और कियूल-मालदा एक्सप्रेस का गुरुवार को साहिबगंज में आंशिक समापन किया गया था। कियूल-मालदा एक्सप्रेस शुक्रवार को साहिबगंज से खुली, जबकि मालदा-पटना एक्सप्रेस भी शुक्रवार की रात यहीं से रवाना होगी।
बालूरघाट-भटिंडा फरक्का एक्सप्रेस शुक्रवार रात कटिहार के रास्ते दिल्ली जाएगी। मालदा-आनंद विहार और नई दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस को भी कटिहार के रास्ते चलाया गया। हावड़ा-मालदा टाउन एक्सप्रेस का गुरुवार को रामपुरहाट में आंशिक समापन किया गया था और शुक्रवार को वहीं से रवाना हुई।
साहिबगंज-मालदा टाउन, बरहड़वा-आजिमगंज और आजिमगंज-भागलपुर पैसेंजर ट्रेनें शुक्रवार को भी रद्द रहीं। भू-धंसान के कारण मालदा-भागलपुर और मालदा-हावड़ा रेलखंड पर गुरुवार सुबह से ही परिचालन प्रभावित है। गुरुवार को आनंद विहार-अगरतला तेजस राजधानी एक्सप्रेस करीब तीन घंटे बरहड़वा स्टेशन पर खड़ी रही थी।

