
Jamshedpur : श्रीराम मंदिर समिति, टेल्को के तत्वावधान में शुक्रवार, 4 सितंबर को श्रीराम मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया गया। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही व्रतधारी श्रद्धालुओं और भक्तों की भीड़ मंदिर परिसर में जुटने लगी। इस दौरान बाल गोपाल श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीराम मंदिर के ज्ञानमंडप सभागार में शाम 7:30 बजे से लोकगायक दुलरुआ सोनू सिंह एंड पार्टी ने भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। अतिथि कलाकार रानू भारती (छपरा) ने कृष्ण भक्ति से जुड़े गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। भक्ति संगीत की धुन पर हजारों श्रद्धालु देर रात तक भाव-विभोर होकर झूमते रहे।
कार्यक्रम के दौरान वीर बजरंगबली, श्रीकृष्ण-राधा और श्रीकृष्ण-सुदामा की आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद भगवान की स्तुति एवं सामूहिक आरती हुई। आरती के पश्चात उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीराम मंदिर टेल्को के अध्यक्ष मानस मिश्रा तथा टाटा मोटर्स के उच्च प्रबंधक जुगराज सिंह संधू उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी गायक कलाकारों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समिति के अनुसार श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के छठे दिन भगवान श्रीकृष्ण की छठीहार का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में श्रीराम मंदिर समिति के महामंत्री चंद्रभान सिंह, कृष्ण कुमार मिश्रा, बबन पांडेय, जीवानंद मिश्रा, नरेंद्र कुमार सिंह (हैप्पी), नंदलाल सिंह, कामेश्वर सिंह, सुधीर कुमार सिंह, भरत पाठक, प्रह्लाद सिंह, विजय कुमार सिंह, पप्पू पांडेय, अभय पांडेय, मनोज कुमार पांडेय, दीपक कुमार सिंह, राजेश पांडेय, सुमंत मिश्रा, अरविंद प्रसाद, अजय चौबे, राकेश कुमार सिंह, मनाजय पांडेय समेत समिति के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

