जमशेदपुर : बोर्ड परीक्षाओं के दौर में कुछ अजीब, कुछ रोचक, कुछ ऐसी-वैसी चीजों हो जा रही हैं जो चर्चा की वजह बन जा रही हैं। ऐसा ही कुछ हुआ है जमशेदपुर में। परीक्षा के तनावपूर्ण माहौल में हो रही इस चर्चा ने लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। वहीं कुछ लोग इसे किशोर मन की भावना की अभिव्यक्ति से जोड़ रहे हैं। दूसरी ओर, रचनात्मकता, लेखन शैली की बातें हो रही हैं तो यह भी कि, ‘हमारी नई पीढ़ी किस ओर जा रही है….’ आदि-आदि। हालांकि एक बात और साबित हो रही है कि डिजिटल दुनिया में प्रेम पत्र का महत्व कम नहीं हुआ है।
छात्रा के बैग से बरामद हुआ लव लेटर
झारखंड एकेडमिक काउंसिल की मै मैट्रिक व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं चल रही हैं। कहीं नकल होने की चर्चा हो रही है तो कहीं प्रश्न पत्र लीक होने की वायरल खबरों ने परीक्षा के आयोजन से जुड़े लोगों को तनाव में डाल रखा है। पूर्वी सिंहभूम के जिला मुख्यालय जमशेदपुर के एक स्कूल में बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। प्रतिदिन की तरह गुरुवार को भी नियत समय पर परीक्षा शुरू होनेवाली थी। बाहर से लेकर अंदर तक सभी मुस्तैद थे।
परीक्षार्थियों की गहन चेकिंग शुरू हुई। इसी चेकिंग के दौरान एक छात्रा के पास से एक पन्ना बरामद हुआ। नकल सामग्री समझकर चेकिंग कर रहे शिक्षकों ने उसे जब्त कर लिया। सभी लोग बाद में उस समय हैरत में आ गए जब उस चिट या पन्ने पर हस्तलिखित सामग्री को देखा गया। यह एक प्रेम पत्र था जिसमें किसी लड़के ने अपनी भावनाओं को बखूबी इजहार किया था।
खत के मजमूं की खूब हो रही चर्चा
प्रेम पत्र की शुरुआत ही काफी रोचक है। शुरुआत, ‘अजी! सुनती हो।‘ से है। आगे लिखा है- मेरे बच्चों की मम्मी। ये जो कुछ दिनों से हमारी ठीक से बात नहीं हुई। इस कारण एक दिन एक साल के बराबर लग रहा है। कभी-कभी तुम इतना ज्यादा याद आती हो कि हम पूरा उदास हो जाते हैं। सोचते हैं कि काश तुम मेरे पास होती और हम तुमको कहीं भी जाने नहीं देते। तुमसे बहुत सारी बातें करते, अपना दुख बताते और बहुत सारा प्यार करते।
पता नहीं, ये बात कब सच होगी। इसलिए जब भी उदास होते हैं तो तुम्हारा फोटो अकेले में देखते रहते हैं। मेरे दिल से तुम ऐसे जुड़ गई हो कि अगर मजाक से भी तुम मरे से दूर होने की बात बोलोगी तो पता नहीं हम क्या कर देंगे अपने आप को। तुमको पाने के लिए कितना भी हद में जाना पड़े, हम जरूर जाएंगे। बस, तुम मेरा इंतजार करना और भरोसा रखना। अभी और पूरे जीवन भर के लिए बस तुम चाहिए। बस तुम। न तुमसे बेहतर न तुमसे बुरा। बस तुम चाहिए। पहले मेरा मकसद था कि नहीं, पता नहीं, लेकिन अभी मकसद मिल गया है। तुमसे शादी करना और एक छोटा सा परिवार बसाना है तुम्हारे साथ…।
Read Also: Jharkhand Board Exam 2025: मैट्रिक साइंस के साथ हिंदी की भी परीक्षा रद्द

