
चाईबासा : आस्था की परंपरा, भव्यता की परिकल्पना और सांस्कृतिक विरासत के संगम के साथ चाईबासा के आमला टोला में 54वें वर्ष के काली पूजा की तैयारियां समिती के मुख्य संरक्षक,पूर्व मंत्री झारखण्ड सरकार मिथिलेश कुमार ठाकुर के आवश्यक दिशा-निर्देश के आलोक में शुरू हो गई है। आमला टोला सार्वजनिन काली पूजा समिति की ओर से गुरुवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच खूँटी पूजन संपन्न हुआ। समिति के मुख्य पुजारी अनूप कुमार मुखर्जी ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। खूँटी पूजन के साथ ही इस वर्ष के भव्य पूजा महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हो गया। इस वर्ष आमला टोला की काली पूजा का सबसे बड़ा आकर्षण अमेरिका के ‘बर्निंग मैन टेम्पल ऑफ जूनो’ की तर्ज पर तैयार किया जा रहा पंडाल होगा। अंतरराष्ट्रीय स्थापत्य शैली से प्रेरित इस विशेष परिकल्पना को साकार करने की जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल के कांथि के सुप्रसिद्ध पंडाल निर्माता दास डेकोरेटर को सौंपी गई है। पंडाल की विशिष्ट संरचना, कलात्मक प्रस्तुति और आकर्षक सज्जा के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभव देने की तैयारी है। इस अनूठी परिकल्पना से चाईबासा के पूजा महोत्सव को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
समिति के अध्यक्ष सुनील प्रसाद साव ने कहा कि आमला टोला की काली पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि चाईबासा की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। समिति का प्रयास है कि 54वें वर्ष के इस महोत्सव को परंपरा की गरिमा बनाए रखते हुए पहले से अधिक आकर्षक और यादगार स्वरूप दिया जाए। इसी उद्देश्य से इस बार पंडाल के लिए विशेष प्रारूप का चयन किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं, शहरवासियों और समिति के सभी सदस्यों से आपसी सहयोग के साथ महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।
समिति के सचिव त्रिशानु राय ने कहा कि खूँटी पूजन के साथ माँ काली के पूजा की तैयारियों का विधिवत आगाज हो गया है। इस वर्ष अमेरिका के ‘बर्निंग मैन टेम्पल ऑफ जूनो’ की तर्ज पर पंडाल निर्माण की परिकल्पना पूजा को विशिष्ट स्वरूप प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि समिति के सभी सदस्य पूरे समर्पण और आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे है।समिती का प्रयास है कि धार्मिक आस्था, पारंपरिक विरासत और आधुनिक कलात्मकता का ऐसा संगम प्रस्तुत किया जाए, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बने। उन्होंने शहरवासियों से पूजा में सहभागी बनने की अपील की।खूँटी पूजन के अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माँ काली की आराधना कर पूजा के निर्विघ्न आयोजन, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। सभी ने एकजुट होकर आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक शंभू दयाल अग्रवाल, पवित्र कुमार भट्टाचार्य, सलाहकार विनय कुमार ठाकुर, गोपाल चटर्जी, उपाध्यक्ष रौशन कुमार, दिलीप राम,रतन डे, संयुक्त सचिव अभिषेक मिश्रा, अमित ठाकुर, सह-सचिव रौनक सिन्हा, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार खिरवाल, सह-कोषाध्यक्ष गौतम सरकार, प्रेस-प्रवक्ता मानस घोष, कार्यकारिणी सदस्य विनोद गीगा दाहिमा, आनंद गोप, विवेक गुप्ता , संतोष सिंघानिया, गणेश प्रसाद, जितेन्द्र सिन्हा, दीपक उरांव, मो. रईसुल, पिंटू घोष, जीवन वर्मा, मो. गब्बर, रोहित निषाद, संजय प्रजापति सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

