
पटना। आमतौर पर किसी बैंक शाखा में बदमाशों के हाथ में पिस्टल देख लोगों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाती है। चाहे वे ग्राहक हों या बैंक के कर्मचारी। जान जोखिम में देख आसानी से लुटेरों के हवाले पैसे कर दिए जाते हैं। ऐसा वास्तव में होता है और कई बार हम फिल्म या टीवी सीरियल में भी ऐसा ही कुछ देखते हैं। हालांकि ऐसे भी कई अपवाद होते हैं जिसमें कोई साहस दिखाते हुए लुटेरों से भिड़ जाए। बिहार के मधुबनी में ऐसा ही कुछ हुआ जिसमें बैंक मैनेजर के साहस और दिलेरी की वजह से लुट की बड़ी घटना टल गई।
लुटेरों के हाथ में पिस्टल होने के बावजूद जान की नहीं की परवाह
बैंक लूट की घटना केवल टली ही नहीं बल्कि दो लुटेरों को पिस्टल के साथ गिरफ्तार भी कर लिया गया। यह मामला मधुबनी जिले के केनरा बैंक की एक शाखा में घटित हुई है। इस बैंक शाखा में लूटपाट के इरादे से चार लुटेरे घुसे थे। बैंक के मैनेजर को स्थिति की नजाकत को समझते देर नहीं लगी। बैंक मैनेजर ने दिलेरी दिखाते हुए चार में से दो बदमाशों को धर दबोचा। बैंक मैनेजर की दिलेरी और अपने दो साथियों को दबोचे जाने की घटना को देख उनके साथियों के हौसले पस्त हो गए। मौके पर मौजूद दो अपराधी फरार हो गए। इस तरह लूट की एक बड़ी वारदात होते होते टल गई।
ग्राहक बनकर घुसे थे बदमाश
यह घटना मधुबनी जिले में रहिका थाना क्षेत्र के कपालेश्वर स्थान स्थित केनरा बैंक की है। दरअसल, हर दिन की तरह मंगलवार को बैंक समय से खुल गया था। बैंक खुलने के बाद रोज की ही तरह ग्राहकों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच चार बदमाश ग्राहक बनकर बैंक शाखा के अंदर प्रवेश कर गए और लूटपाट की कोशिश करने लगे। दो बदमाशों ने जैसे ही पिस्टल निकाली, बैंक मैनेजर ने उन्हें धर दबोचा।
पकड़े गए बदमाशों को किया पुलिस के हवाले, फरार की तलाश जारी
अपने दो साथियों के पकड़े जाने के बाद दो अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया और फरार हुए दोनों बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। बैंक मैनेजर की दिलेरी जिले में चर्चा का विषय बन गई है और लोग काफी सराहना कर रहे हैं। लोग यही कहते सुने जा रहे हैं कि ऐसे लोग हों तो अपराधियों के हौसले कभी बढ़ नहीं सकेंगे।
READ ALSO :


