अलीगढ़: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला तूल पकड़ चुका है, जिसमें पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सिविल लाइन पुलिस ने सर्विलांस और एटीएस की मदद से देवरिया जिले से एक किशोर को हिरासत में लिया है। किशोर ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिससे मामले की परतें और गहरी हो गई हैं।
धमकी से जुड़ा ईमेल और शर्तें
यह घटना 8 जनवरी की है, जब एएमयू प्रशासन को तिवारी श्री जयंत नाम से एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में लिखा था कि कुछ छात्रों के जरिए एएमयू कैंपस में बम रखवाया गया है। धमकी देने वाले ने दो लाख रुपये की रकम यूपीआई के जरिए जमा करने की मांग की थी, साथ ही यह चेतावनी भी दी थी कि अगर उसकी मांग नहीं मानी गई तो विश्वविद्यालय में वितरित होने वाले खाने में सूअर की चर्बी मिला दी जाएगी।
पुलिस ने यूपीआई और आईडी से जुड़े सुरागों का किया खुलासा
धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी और ईमेल में दिए गए यूपीआई नंबर को ट्रेस किया। इस नंबर को हरदोई जिले के एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत पाया गया। इसके बाद पुलिस को पता चला कि ईमेल भेजे जाने का लोकेशन उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के नेपाल बॉर्डर के पास था। इन सुरागों के आधार पर अलीगढ़ पुलिस ने लखनऊ एटीएस और देवरिया पुलिस की मदद से आरोपी किशोर को हिरासत में लिया।
किशोर ने किया हैरान करने वाला खुलासा
देवरिया से हिरासत में लिए गए किशोर से पूछताछ की गई, तो उसने शुरुआत में यह माना कि उसने धमकी भरा ईमेल नहीं भेजा था। हालांकि, उसने यह स्वीकार किया कि उसने राजस्थान के कोटा में रहते हुए एक ईमेल आईडी और यूपीआई नंबर बनाए थे, जिन्हें बाद में उसने बेच दिया था। किशोर ने बताया कि वह कोटा में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था और इन आईडी और यूपीआई नंबरों को किसी और को बेचने के बाद वह अपने गृहनगर देवरिया लौट आया था।
जांच में सामने आई नई बातें
अलीगढ़ के एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने कहा कि किशोर को देवरिया से अलीगढ़ लाकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक की जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमकी भरा ईमेल वास्तव में किसने भेजा। पुलिस का मानना है कि किशोर द्वारा बेची गई आईडी और यूपीआई का उपयोग किसी और ने किया है। साइबर विशेषज्ञों की टीम भी इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
सुरक्षा बढ़ाई गई, आरोपी की तलाश जारी
इस घटना के बाद एएमयू प्रशासन ने विश्वविद्यालय में सुरक्षा को और कड़ा कर दिया है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों और छात्रों के बीच डर का माहौल है, और पुलिस इस मामले को साजिश का हिस्सा मानकर पूरी जांच में जुटी हुई है। अलीगढ़ पुलिस का कहना है कि जल्दी ही धमकी भेजने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाएगा।
Read Also- Firing Kudu Bus Stand : झारखंड में लोहरदगा के कुडू बस स्टैंड में गोलीबारी, एक घायल

