
Ranchi : रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन संख्या 15028 से यात्रा कर रहे तीन नाबालिग बालकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। तीनों बच्चे अपने घर से बिना किसी को बताए रोजगार की तलाश में निकल पड़े थे। समय रहते कार्रवाई होने से उन्हें सुरक्षित संरक्षण उपलब्ध कराया गया।
रेल मदद के माध्यम से मिली सूचना के बाद ट्रेन संख्या 15028 की एस्कॉर्ट टीम और आरपीएफ पोस्ट रांची ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। ट्रेन के रांची रेलवे स्टेशन पहुंचते ही तीनों नाबालिगों को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं और आजीविका की तलाश में घर से बिना परिजनों को बताए निकल गए थे। तीनों की पहचान बिहार के बेगूसराय जिले के नवगांव थाना क्षेत्र के सोनापुर गांव निवासी दिलखुश कुमार, रोहित कुमार और सुभाष कुमार (सभी की आयु लगभग 15 वर्ष) के रूप में हुई।
आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई के लिए चाइल्डलाइन प्रतिनिधि को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
इस सफल रेस्क्यू अभियान में ट्रेन संख्या 15028 की एस्कॉर्ट पार्टी के एएसआई डी.के. सिंह, एस.के. साहू, शशि कुमार साहू, संजय कुमार तथा आरपीएफ पोस्ट रांची की एसआई सुनीता तिर्की, एएसआई सुरेंद्र कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Read Also: Jharkhand News: युवाओं को मिलेगा फिल्म और OTT में करियर का नया मंच, SRFTI के साथ सरकार ने किया MoU

