
रांची : झारखंड के होनहार और क्रिएटिव युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक बेहतर प्लेटफार्म तैयार किया है। बुधवार को विधिवत रूप से झारखंड सरकार का एक अंग झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के सहयोग से स्थापित किया जा रहा है। हालांकि, इस संदर्भ में मार्गदर्शन के लिए राज्य सरकार सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता का सहयोग ले रही है। अब झारखंड में फिल्म और OTT इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित MoU हस्ताक्षर समारोह में कहा कि झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच एमओयू हस्ताक्षर होना एक नई यात्रा की शुरुआत है। एक ऐसी यात्रा जो झारखंड के प्रतिभावान फिल्मकारों और कलाकारों को नई तकनीक, विश्वस्तरीय सुविधाएं और एक नया राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी। यह एक अविस्मरणीय और ऐतिहासिक क्षण है।
प्रतिभाओं को मिलेगी उड़ान
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें तराशने का कार्य अब झारखंड फिल्म एंड टेलिविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) के माध्यम से किया जाएगा। सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट फिल्म जगत की सबसे अग्रणी संस्थाओं में से एक है, जिसने दुनिया को सिनेमा से रूबरू कराया। हमारे राज्य में भी कई फिल्में बनीं, जिनमें सत्यजीत रे साहब ने भी काम किया। हमारे राज्य में बनी फिल्में जैसे दिल बेचारा, एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी और गैंग्स ऑफ वासेपुर, इसके अलावा, देश के दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन जी की फिल्म भी धनबाद में बनी थी। राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रकाश झा जैसे फिल्म डायरेक्टर की शिक्षा-दीक्षा भी झारखंड से ही हुई है।
छिपे प्रतिभावान कलाकारों की होगी तलाश
मुख्यमंत्री ने SRFTI, कोलकाता का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी संस्था है जिसकी पहचान पूरी दुनिया में है। जिस प्रकार खेल में हमारे राज्य के नौजवान और छात्र-छात्राएं बड़े पैमाने पर देश-दुनिया में नाम कमा रहे हैं, उसी प्रकार कला के क्षेत्र में भी संभावनाएं हैं। आज इस संस्था और सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट के सहयोग से छिपे प्रतिभावान कलाकारों को ढूंढा जाएगा, बाहर निकाला जाएगा और तराशा जाएगा।
मौके पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर एवं सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के कुलपति समीरन दत्ता ने एमओयू हस्ताक्षर के उद्देश्य पर विस्तृत प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने इन्हें किया सम्मानित
तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त बीजू टोप्पो ,झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के संथाल समुदाय से आने वाले रविराज मुर्मू, जिन्हें उनकी शॉर्ट फिल्म ‘आंगेन’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार की घोषणा की गई है , अनुज कुमार जिनकी बहुचर्चित फिल्म ‘बिलोंगिंग टू अनटचेबल गॉड एवं दी टर्टल स्टोरी’ के लिए इन्हें ‘कैनेडियन लेबर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जा चुका है, को सम्मानित किया। इनके साथ कुडुख फिल्म ‘एडपा काना’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजे गए श्री निरंजन कुजूर को उत्कृष्ट, ईमानदार और शानदार कला-यात्रा के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विशेष सचिव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजीव लोचन बक्शी, कुलपति, सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता समीरन दत्ता, डीन SRFTI सुकांते मजूमदार, सरला बिरला विश्वविद्यालय के डायरेक्टर जनरल प्रोफेसर (डॉ.) गोपाल पाठक, सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सी. जगन्नाथ, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रो. सीबी शर्मा, सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के प्रो, इंद्रनील मुखर्जी, एन, बनर्जी सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिगण एवं विद्यार्थीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

