
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिर नगर में स्थित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखे गए करीब 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये मूल्य के सोने के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आया है। इस मामले में बैंक प्रबंधन की ओर से बुधवार को आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
एफआईआर के अनुसार, केनरा बैंक के रीजनल मैनेजर मंगेश रामानाथन ने शिकायत में बताया कि शाखा के लॉकर में रखे गोल्ड लोन से संबंधित कई सोने के पैकेट गायब मिले। प्रारंभिक जांच में यह घटना 12 जून से 18 जून के बीच की बताई जा रही है।
शिकायत में तत्कालीन कबीर मेमोरियल शाखा के पूर्व सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो तथा दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। बताया गया है कि वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी उक्त शाखा में कार्यरत नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, बैंक में प्रत्येक तीन महीने पर होने वाले नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन के रिकॉर्ड और लॉकर में रखे सोने का मिलान किया गया। इसी दौरान कई पैकेट गायब मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल आजादनगर थाना पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोना किन परिस्थितियों में गायब हुआ और इसमें किसकी क्या भूमिका रही। वहीं बैंक प्रबंधन भी अपने स्तर पर विस्तृत आंतरिक जांच कर रहा है।
हालांकि, यह पूरा मामला बैंक प्रबंधन द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Read also Seraikela Crime : आदित्यपुर में महिला के गले से चेन छीन कर फरार हो गए बाइक सवार बदमाश

