
रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया। यह धमकी पुलिस अधीक्षक (SP) को ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, धमकी भरा संदेश बांग्ला भाषा में लिखा गया था। इस सूचना के मिलते ही पुलिस प्रशासन सहित न्यायालय परिसर में सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को स्पीड पोस्ट से मिली बम की धमकी
जानकारी के अनुसार, धमकी भरा पत्र स्पीड पोस्ट के जरिए सीधे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम भेजा गया था। पत्र में न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। चिट्ठी सामने आते ही न्यायालय प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था तत्काल बढ़ा दी गई। धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत किया गया है।
पुलिस ने जारी किया हाई अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया। पुलिस ने रात से ही न्यायालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी और बुधवार सुबह भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत न्यायालय परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।

डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर से हुई सघन जांच
रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन के नेतृत्व में थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे और पुलिस टीम ने पूरे न्यायालय परिसर की बारीकी से जांच की। तलाशी अभियान में डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की सहायता ली गई। पुलिस ने न्यायालय परिसर के प्रत्येक हिस्से की जांच की, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ निगरानी बनाए हुए हैं।
धमकी भरे पत्र की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब धमकी भरे पत्र के स्रोत और उसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। वहीं, स्पीड पोस्ट से भेजे गए पत्र के आधार पर डाक रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also- Palamu News : पलामू में आकाशीय बिजली का कहर, पिता-पुत्र की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

