
चाईबासा : श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत इतवारी और मधुपुर के बीच झारसुगुड़ा-राउरकेला मार्ग से होकर साप्ताहिक “श्रावणी स्पेशल एक्सप्रेस” चलाने की घोषणा की गई है। यह ट्रेन 1 अगस्त से शुरू होकर 29 अगस्त तक कुल पांच फेरे लगाएगी।
ट्रेन का समय और मार्ग
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 08895 इतवारी-मधुपुर श्रावणी स्पेशल प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन 1 अगस्त से 29 अगस्त तक इतवारी से सुबह 4:30 बजे रवाना होगी। रास्ते में यह झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी, बोकारो स्टील सिटी और धनबाद होते हुए अगले दिन सुबह 6:00 बजे मधुपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08896 मधुपुर-इतवारी श्रावणी स्पेशल प्रत्येक रविवार को मधुपुर से सुबह 9:00 बजे खुलेगी। यह ट्रेन 2 अगस्त से 30 अगस्त तक चलेगी और अगले दिन सुबह 11:50 बजे इतवारी पहुंचेगी।
20 कोच की होगी ट्रेन
रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए हैं। इसमें 4 एसी कोच, 10 द्वितीय श्रेणी स्लीपर, 4 सामान्य कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। इससे लंबी दूरी के यात्रियों और बाबा धाम जाने वाले कांवड़ियों को बैठने और सफर में पर्याप्त जगह मिल सकेगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
रेल प्रशासन का मानना है कि श्रावण माह में बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड के श्रद्धालुओं को मधुपुर तक सीधी और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी। इससे इस रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट पहले से आरक्षित कराएं और यात्रा के दौरान रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

