
Jamshedpur : वेदांता समूह द्वारा INCAB Industries Limited के अधिग्रहण के बाद कंपनी के कर्मचारियों एवं श्रमिकों के लंबे समय से लंबित बकाया भुगतान की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि सभी भुगतान राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) द्वारा अनुमोदित Resolution Plan तथा दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता (IBC) के प्रावधानों के अनुरूप किए जा रहे हैं।
कंपनी के पूर्व समाधान पेशेवर (Erstwhile Resolution Professional) एवं निगरानी समिति के अंतरिम प्रबंधक पंकज कुमार तिबरेवाल द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि कर्मचारियों और श्रमिकों के बकाया भुगतान में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि लंबे समय तक भुगतान लंबित रहने से कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है और अब सभी पात्र दावों का निपटारा कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।
प्रबंधन के अनुसार, वेदांता द्वारा 3 दिसंबर 2025 से प्रभावी Resolution Plan लागू होने के बाद कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड, दावों, बैंक विवरण तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इसके बाद पात्र कर्मचारियों को भुगतान शुरू किया गया है। ग्रेच्युटी मद में जारी है 20 करोड़ रुपए
कंपनी ने बताया कि ग्रेच्युटी मद में लगभग 20 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं या जारी किए जा रहे हैं। वहीं, IBC की धारा 53 के तहत CIRP शुरू होने से पूर्व के अंतिम 24 महीनों (7 अगस्त 2019 तक) के पात्र वेतन बकाया का भुगतान स्वीकृत दावों के आधार पर किया जा रहा है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सभी कर्मचारियों को समान राशि नहीं मिलेगी, बल्कि भुगतान उनके स्वीकृत दावों और Resolution Plan में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार होगा। वेदांता समूह उपलब्ध कराई है 15 करोड स्वैच्छिक राशि। कंपनी के कर्मचारियों एवं श्रमिकों के हित में वेदांता समूह ने 15 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वैच्छिक रूप से उपलब्ध कराई है। यह राशि भी पात्र एवं स्वीकृत दावों के अनुपात में वितरित की जा रही है। इस प्रकार कर्मचारियों के लिए कुल लगभग 45 करोड़ रुपये के भुगतान की व्यवस्था की गई है।
कंपनी ने यह भी कहा कि जिन कर्मचारियों के बैंक खाते और दस्तावेजों का सत्यापन पूरा हो चुका है, उनके खातों में राशि भेजी जा रही है। शेष कर्मचारियों का भुगतान सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
कंपनी संचालन से पहले कर्मचारियों को दिया भरोसा
प्रबंधन ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि Resolution Plan को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और कानून के अनुरूप लागू किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं के समाधान और कंपनी के पुनरुद्धार के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। कंपनी ने कहा कि कर्मचारियों का सहयोग ही INCAB Industries के पुनर्जीवन और भविष्य की सफलता की सबसे बड़ी ताकत होगा।

