RANCHI: रातू प्रखंड के बाजपुर पंचायत अंतर्गत पंडरा गांव से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे गांव के पास स्थित तालाब के किनारे खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो तुरंत उन्हें बचाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी और बच्चों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
READ ALSO: JHARKHAND NEWS: सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र की एकता को करें मजबूत: संतोष कुमार गंगवार

