
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले की सदर पुलिस ने स्कूटी सवार दो बदमाशों द्वारा मोबाइल और पर्स छिनतई के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस कांड में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल और नकदी भी बरामद की है।
क्या है मामला
घटना के संबंध में चाईबासा सदर एसडीपीओ बहामन टुटी ने कहा कि 2 अगस्त 2026 को बड़ी बाजार, हिन्द चौक, कुम्हार टोली निवासी रितू टोप्पो, पिता देव कुमार टोप्पो ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया, जिसमें मोबाइल, रुपये और जरूरी कागजात रखे थे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी साक्ष्य से पकड़े गए आरोपी
घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर 3 अगस्त को पुलिस ने दो संदिग्धों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र कच्छप उर्फ बच्चा उरांव, उम्र 24 वर्ष, निवासी कनकुसी, उरांव साई और पुरुषोत्तम हांसदा उर्फ डाकुवा, उम्र 23 वर्ष, निवासी कुर्सी के रूप में हुई। दोनों मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
बरामदगी
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुरुषोत्तम हॉसदा की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कूटी और 500 रुपये नकद बरामद किए। वहीं जितेन्द्र कच्छप के पास से पीड़िता का छीना गया रेडमी नोट 8 मोबाइल, पर्स और उसमें रखे सामान को भी बरामद कर जब्त किया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जप्त सामान
ब्लू रंग का स्कुटी रजिस्टेशन नं0-JH 05DT 3466, काला रंग का रेडमी नोट-8 मोबाईल, पाँच सौ रुपये नकद, काला रंग का लेडिज बैंग, काला रंग का पावर चश्मा, एक लाल रंग का छोटा लेडिस पर्स।
पुलिस छापमारी दल के सदस्य
हीरालाल महतो थाना प्रभारी सदर थाना, उपेन्द्र नारायण सिंह, केशव कुमार मेहता, श्रीकांत कुमार, अजीत होनहागा, धर्मेन्द्र कुमार सिंह आदि शामिल हैं।
Read Also West Singhbhum News : लोगों के रोजगार व विकास में हो जंगल के संसाधनों का उपयोग

