रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के कई जिलों में एक ओर भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी हुई है, तो दूसरी ओर कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में तापमान सबसे अधिक रहने का अनुमान है। पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को दिन के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
राजधानी रांची में भी गर्मी का असर बना रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। वहीं धनबाद, गिरिडीह और बोकारो जैसे जिलों में तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सुबह से ही तेज धूप रहने के कारण दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
झारखंड के इन जिलों में सबसे अधिक गर्मी का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पलामू प्रमंडल के जिलों में सबसे अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है। डाल्टनगंज क्षेत्र राज्य का सबसे गर्म इलाका रह सकता है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
वहीं रांची, खूंटी, लोहरदगा और गुमला जैसे पठारी और दक्षिणी इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में हल्की हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
रांची समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह और धनबाद में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इन इलाकों में वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम समेत मध्य और दक्षिणी जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
Read Also- Jharkhand Weather Update : झारखंड में आंधी-बारिश से बदला मौसम, 19 मई तक येलो अलर्ट जारी

