गुमला : झारखंड में गुमला के सीलम स्थित रिमांड होम से शुक्रवार को सुबह में तीन किशोर फरार हो गए, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर सुबह करीब 6 बजे सीलम स्थित रिमांड होम की दीवार फांदकर भाग निकले। बताया गया कि किशोरों ने चादर को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और उसे दीवार पर लगे लोहे के एंगल में फंसाकर भागने में सफल रहे।
सुबह जब रिमांड होम में बच्चों की गिनती की गई तो तीन किशोर कम पाए गए। इसके बाद रिमांड होम के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही उन्हें पता चला कि तीन किशोर भाग गए हैं, तत्काल इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की टीम रिमांड होम पहुंची तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने वहां मौजूद अन्य किशोरों और कर्मचारियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।
प्राथमिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। फरार किशोरों में दो लोहरदगा जिले और एक गुमला जिले के घाघरा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने तीनों की तलाश शुरू कर दी है तथा आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही फरार किशोरों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की बात भी कही जा रही है।

