लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बीती रात से ही कई जिलों में तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आगामी 5 जून 2025 तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज झोंकेदार हवाओं की चेतावनी जारी की है।
कानपुर में चली 70 किमी/घंटा की आंधी
शुक्रवार को कानपुर में सबसे तेज हवाएं दर्ज की गईं, जिनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा रही। वहीं, राजधानी लखनऊ में भी हवा की गति 50 किमी/घंटा रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों में मौसम की यही स्थिति बनी रहेगी, जिसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आ सकती है।
इन जिलों में तेज बारिश और हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही, इन इलाकों में 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं:
पूर्वी यूपी: गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर
मध्य यूपी: प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, अमेठी, जौनपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर
पश्चिम यूपी: सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं
तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों के दौरान प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है।
मौसम बदलाव का वैज्ञानिक कारण
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यह परिवर्तन सतही स्तर पर पूर्वी आर्द्र हवाओं और मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है। इनके परस्पर प्रभाव से कई क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश हुई।
Read Also: Jharkhand Weather Update : मानसून से पहले वज्रपात का कहर, 6 की मौत, IMD का येलो अलर्ट जारी

