Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत मुड़ियादल गांव में सोमवार को दो नाबालिग भाई- बहन की मौत हो गई। इसके पीछे मलेरिया की आशंका जताई जा रही है। इससे स्वास्थ्य विभाग में अलर्ट हो गया। जानकारी मिलते ही मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और गांव में मलेरिया जांच के लिए डोर टू डोर सर्वे किया।
दो दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब डेढ़ सौ लोगों की मलेरिया जांच की, जिसमें छह लोग मलेरिया पॉजिटिव मिले। इनमें से दो लोगों को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, मुड़ियादल गांव के आदिवासी टोला में सोमवार सुबह गांव के नरेंद्र जोंको के 10 वर्ष पुत्र प्रधान जोंको की मौत हो गई, इसके बाद उसकी बहन 17 वर्ष ज्योति जोंको की भी कुछ घंटे बाद मौत हो गई। भाई-बहन की मौत की खबर अनुमंडल अस्पताल में पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। लेकिन, स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मृत दोनों बच्चे मलेरिया पॉजिटिव नहीं पाए गए। वैसे विभाग द्वारा गांव में मलेरिया सर्वे का कार्य आरंभ कराया गया है।
मृत बच्चों की दादी मेंजारी जोंको भी मलेरिया पॉजिटिव पाई गई है। उसके घर आयी रामडा गांव की जेमा कराई भी मलेरिया पॉजिटिव मिली है। जबकि मृतक की बहन की रिपोर्ट मलेरिया निगेटिव मिली है। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य मलेरिया पीड़ितों को गांव में ही दवा दी गई है। उन्हें स्वास्थ्य खराब होने पर तत्काल अस्पताल आकर जांच कराने को कहा गया है। भले ही बच्चों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, लेकिन इस घटना से ग्रामीणों में भय उत्पन्न हो गया है।
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर निकाली गई जागरूकता रैली
चाईबासा : विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल से मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने झंडी दिखा कर रवाना किया। रैली शहर के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए लौटी। रैली में एएनएम स्कूल और नर्सिंग कौशल कॉलेज की छात्राएं शामिल थीं। इस अवसर पर सिविल सर्जन ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की योजनाएं चला रही है। इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जब हम सब लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे और मिल-जुल कर स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करेंगे, तो निश्चित रूप से हर व्यक्ति को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज जिले में चिकित्सक हो या स्वास्थ्य कर्मी बेहतर काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर डीएस डॉ. शिवचरण हांसदा, डॉ. मीनु कुमारी, डॉ. मीना कालुंडिया, अजमत आजीम, अस्पताल मैनेजर आशीष कुमार समेत सभी स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
Read Also: West Singhbhum News: शहीद की पत्नी को आवास हेतु भूमि बन्दोबस्ती की स्वीकृति

