RANCHI: रांची के मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में सातवें दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। ए डिविजन के चार और बी डिविजन के दो मैच खेले गए। सात दिनों के लीग मुकाबलों के बाद बी डिविजन के मैच समाप्त हो गए हैं, जबकि ए डिविजन की टीमें अब 9 अप्रैल से शुरू होने वाले क्वार्टर फाइनल के लिए तैयार हैं। मेजबान झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 9-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ झारखंड ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम की ओर से संदीपा कुमारी और प्रीति बिलुंग ने दो-दो गोल किए, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने भी अहम योगदान दिया।
अन्य मुकाबलों में उत्तर प्रदेश ने मिजोरम को 1-0 से हराया, जबकि मध्य प्रदेश ने हरियाणा को 5-1 से मात दी। ओडिशा ने भी शानदार खेल दिखाते हुए पंजाब को 2-0 से हराया। वहीं बी डिविजन में दिल्ली ने असम को 7-0 से हराया। तमिलनाडु और बंगाल के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। सातवें दिन के मुकाबलों के बाद ए डिविजन से झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, मिजोरम, ओडिशा, पंजाब और महाराष्ट्र की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। अब सभी की नजरें 9 अप्रैल को होने वाले नॉकआउट मुकाबलों पर टिकी हैं। टूर्नामेंट में झारखंड की शानदार फॉर्म को देखते हुए स्थानीय दर्शकों को टीम से खिताब की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

