
Gumla : पालकोट प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार की शाम बेखौफ अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से पिस्टल का भय दिखाकर लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद अपराधी मोटरसाइकिल से बसिया की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों की तलाश में छापेमारी अभियान शुरू कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पालकोट स्थित माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी मंगलवार की शाम अपनी दुकान बंद कर बैग में आभूषण रखकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। घर पहुंचने से कुछ दूरी पहले पालकोट बस्ती में मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने पहले डंडे से हमला कर उन्हें गिरा दिया, फिर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए बैग में रखे सभी आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी तेजी से बसिया की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है तथा विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व घाघरा में भी इसी तरह स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाकर लूट की घटना हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से जिले के स्वर्ण व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। इधर विधि व्यवस्था को लेकर दो दिन पूर्व जिले के कई थाना प्रभारियों का तबादला किया गया था। पालकोट थाना के थाना प्रभारी तरुण कुमार का भी स्थानांतरण हुआ है। मंगलवार को नए थाना प्रभारी के रुप में अंकित राज ने योगदान दिया है। योगदान के चंद घंटे बाद ही अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है।

