पॉलिटिकल डेस्क, शिमला : हिमाचल में सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Himachal CM Sukhu) का पहला रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा कि मेरे इस्तीफे को लेकर प्रोपेगेंडा फैलाया जा रहा है। मैंने कोई इस्तीफा नहीं दिया है। मैं योद्धा हूं और संघर्ष करना जानता हूं। दरअसल, ऐसी खबरें आ रही हैं कि मुख्यमंत्री से कांग्रेस हाईकमान ने इस्तीफा मांगा है। आज शाम कांग्रेस पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नए नेता का चुनाव होगा और सुक्खू अपना इस्तीफा दे देंगे। इस खबर पर सुक्खू का रिएक्शन आया है।

बीजेपी पर लगाए ये आरोप (Himachal CM Sukhu)
सीएम सुक्खू ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी के भी कई विधायक हमारे संपर्क में हैं। जो लोग राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं, वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। भाजपा का सदन में बर्ताव उचित नहीं है। यह सरकार आम आदमी, कर्मचारियों व महिलाओं की सरकार है। बीजेपी की ओर से विधायकों को बरगलाकर जो प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है, वह सफल नहीं होगा। इस लड़ाई को युद्ध की तरह लड़ूंगा। सीएम ने कहा कि बजट सत्र में हम अपना बहुमत साबित करेंगे।
कांग्रेस चलेगी पांच साल: CM सुक्खू
बता दें कि कल हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के नौ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, जिसके बाद हिमाचल की राजनीति का पारा हाई हो गया। हालात ये बन गए कि सरकार पर स्वयं खतरा मंडराने लगा। आज आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस में मंत्री विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वहीं, सुबह मुख्यमंत्री के इस्तीफे की अटकलें भी तेज हो गईं।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि ये अफवाहें हैं। उन्होंने मीडियाकर्मियों से निवेदन किया कि ऐसी बेबुनियाद खबरों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पांच सालों तक बनी रहेगी।
विधायकों को किया धन्यवाद
बीजेपी की ओर से अपनाए गए तरीकों के बारे में बोलते हुए सुक्खू ने कहा कि वह अपने सभी विधायकों को धन्यवाद देना चाहते हैं, जो बीजेपी की ओर से आकर्षित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अर्धसैनिक बल, सीआरपीएफ विधानसभा के अंदर आ रहे थे। लोकतंत्र में यह कैसे संभव है? यह हमारी विधानसभा है। वे राजनीतिक लाभ के लिए जो तरीके अपना रहे हैं, वह निंदनीय है।
वे रातों-रात हमारे विधायकों को करोड़ों रुपए की पेशकश करके खरीदने की कोशिश कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं उन सभी विधायकों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने एकता की ताकत दिखाई है।
READ ALSO: जामताड़ा में ट्रेन में लगी आग, यात्री ने सूचना पर खींची जंजीर, अफरातफरी में दो की मौत

