स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की दिल खोलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि रोहित जैसे कप्तान के लिए मैं मैदान पर जान भी दे सकता हूं। दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान मां के बीमार होने की वजह से अश्विन को टेस्ट बीच में ही छोड़कर घर लौटना पड़ा था।

कप्तान रोहित ने अश्विन के लिए चार्टर्ड फ्लाइट का इंतजाम कराया और टीम का फीजियो भी उनके साथ भेजा था। रोहित की इस सोच ने अश्विन का दिल जीत लिया। हालांकि, अश्विन इस टेस्ट के चौथे दिन लौट आए थे और उन्होंने दूसरी पारी में 1 विकेट भी लिया था और भारत ने 434 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी।
अश्विन के मां की बिगड़ गई थी तबीयत
दरअसल, मैच के दौरान अश्विन के मां की तबीयत बिगड़ गई थी। उनकी मां बेहोश होकर गिर गई थीं। अश्विन के मुताबिक, जब उन्हें ये खबर मिली, तब वो काफी परेशान हो गए थे। इस दौरान इंडियन कैप्टन ने उनकी काफी मदद की थी। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बताया, “मैंने दिन का खेल खत्म होने के बाद पत्नी प्रीति को शाम सात बजे कॉल किया और पूछा कि मां-पापा कॉल का जवाब नहीं दे रहे।
(Rohit Sharma)
इस दौरान प्रीति की आवाज कांप रही थी। प्रीति ने बताया कि मां के सिर में दर्द था और वह अचानक से बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। मैं ये सुन परेशान हो गया और रोने लगा। मैं कुछ सोच नहीं पा रहा था। तभी राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा मेरे कमरे में आए और मुझे घर जाने के लिए कहा। मगर उस दिन शाम 6 बजे के बाद राजकोट से कोई फ्लाइट नहीं थी। ऐसे में रोहित मेरे लिए चार्टर्ड फ्लाइट की जुगाड़ में जुट गए।”अश्विन ने अपने चैनल पर क्रिकेट, परिवार और रोहित के बारे में दिलचस्प बातें बताईं।
500वें विकेट वाली बॉल आउटस्टैंडिंग नहीं थी
अश्विन ने कहा, “इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में ही 500वां विकेट लेना चाह रहा था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राजकोट में तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन तक इंतजार करना पड़ा। भारत ने 2 दिन तक 132 ओवर बैटिंग की, फिर इंग्लैंड ने भी तेज शुरुआत कर दी।” 14वें ओवर में जैक क्रॉले अश्विन के खिलाफ स्वीप करने गए, लेकिन वह फाइन लेग पर कैच हो गए। इसी के साथ अश्विन ने टेस्ट करियर में 500 विकेट भी पूरे कर लिए। अश्विन ने कहा, ‘500वां विकेट लेने के बाद मैंने गेंद हवा में लहराई, लेकिन सच कहूं तो वो एक आउटस्टैंडिंग बॉल नहीं थी।
अश्विन ने किया रोहित को सलाम
आर अश्विन ने रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय कप्तान जैसा इंसान नहीं देखा। अश्विन ने कहा, ‘रोहित का दिल बहुत अच्छा है। एक खिलाड़ी जिसके पास पांच आईपीएल टाइटल हैं, ये इतना आसान काम नहीं है। उन्हें इससे भी ज्यादा मिलना चाहिए और भगवान उन्हें देगा। इस मतलबी दुनिया में एक इंसान ऐसा भी है, जो औरों के बारे में सोचता है, ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है।’
READ ALSO: 100 साल जीने के लिए क्या करती है ब्रिटिश रॉयल फैमिली, आप भी जानिए लंबी उम्र का राज

