Home » सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में खेली होली, भगवान नरसिंह की आरती भी उतारी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में खेली होली, भगवान नरसिंह की आरती भी उतारी

by Rakesh Pandey
CM Yogi Holi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

उत्तर प्रदेश | देश के अधिकांश हिस्सों में 25 मार्च को होली मनाई गई, तो वहीं गोरखपुर में 26 मार्च को होली मनाई गई। (CM Yogi Holi) गोरखपुर में मंगलवार को होली का खूब उल्लास दिखाई दिया। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में होली खेली। सीएम ने होली के पवित्र त्योहार पर गोरखपुर के घंटाघर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और श्री होलिकोत्सव समिति के आयोजन में शामिल हुए।

इस मौके पर संघ व समिति की ओर से निकलने वाली “भगवान नरसिंह की रंगभरी शोभायात्रा” के शुभारंभ पर उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित भी किया। इस अवसर पर उन्होंने गोरखपुर के लोगों के साथ फूलों और अबीर-गुलाल से होली भी खेली।

वसुधैव कुटुंबकम में रखते हैं विश्वास (CM Yogi Holi)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म शोक-संताप में नहीं, बल्कि उमंग और उत्साह में विश्वास करता है। होली का पर्व इसी का संदेश देता है। इस पर्व में समरस समाज की स्थापना का भाव निहित है तो साथ ही यह संदेश भी है कि सनातन धर्म सह अस्तित्व में, वसुधैव कुटुंबकम और सर्वे संतु निरामया: में विश्वास करता है।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म पर जब भी कोई संकट आया, समाज में दुष्प्रवृत्तियां बढ़ीं, तो कोई ना कोई ईश्वरीय अवतार भी हुआ है और दुष्प्रवृत्तियों को दूर कर समाज आगे बढ़ता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का त्योहार समतामूलक और समरस समाज की स्थापना का भी संदेश है। आपसी बैर भाव को समाप्त कर, सत्य-न्याय के मार्ग पर चलकर ही हम समाज को शक्तिशाली बना सकते हैं। जहां विभाजन होगा वहां समाज शक्तिशाली नहीं हो सकता।

1944 में शुरू की गई थी शोभायात्रा

1944 से राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के प्रचारक नानाजी देशमुख ने होली पर सामाजिक समरसता और हुल्लड़बाजी को खत्म करने के लिए भगवान नरसिंह की शोभायात्रा का शुभारंभ किया था। ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ के बाद ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ और अब मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ पिछले 26 सालों से गोरक्षपीठाधीश्वर होने के नाते इस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं।

सभी नागरिकों को होली की बधाई एवं शुभकामना देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व उत्साह और उमंग का है। उत्साह और उमंग सुरक्षित, सुखी और समृद्ध समाज में होता है। हमारा समाज सुरक्षित और समृद्ध है, इसीलिए हम सभी उत्साह और उमंग से होली की हजारों वर्षों पुरानी परंपरा को मनाने के साथ अपनी इस विरासत के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त कर रहे हैं।

READ ALSO: Xiaomi लांच कर रही इलेक्ट्रिक कार, जानिए इसकी क्या है खूबियां

Related Articles