सेंट्रल डेस्क। गुजरात की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एनकाउंटर के लिए क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने एक करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि जो पुलिस अधिकारी, लॉरेंस बिश्नोई को मारेगा, उसे एक करोड़ ग्यारह लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपये (1,11,11,111 रुपये ) का इनाम करणी सेना द्वारा प्रदान किया जाएगा। शेखावत ने सरकार से मांग की है कि जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर कर दिया जाए।
राज शेखावत कौन हैं?
राज शेखावत क्षत्रिय करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनके सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोवर्स हैं। उन्होंने अपने नाम के आगे डॉक्टर भी लगा रखा है और खुद को एक्स बीएसएफ और एमबीए पास बताया है। राज शेखावत ने लॉरेंस बिश्नोई को देश के लिए खतरा बताया है और गुजरात की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है।
करणी सेना और लॉरेंस बिश्नोई के बीच दुश्मनी
करणी सेना और लॉरेंस बिश्नोई के बीच दुश्मनी की वजह राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के तत्कालीन अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गोल्डी बराड़ ने बताया था कि गोगामेड़ी उनके काम में दखल दे रहा था, इसलिए उसकी हत्या कर दी गई।
राजनीति में राज शेखावत की जगह
राज शेखावत पहले बीजेपी में थे, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने यह कदम राजकोट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे रुपाला के खिलाफ बीजेपी की कार्रवाई नहीं होने पर उठाया था। इस घोषणा के बाद से लोगों में चर्चा शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे सही बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे गलत बता रहे हैं।

