Home » Deoghar Teacher Firing : पारा शिक्षक ने स्कूल की प्रिंसिपल को मारी गोली, MDM के पैसों को लेकर हुआ विवाद

Deoghar Teacher Firing : पारा शिक्षक ने स्कूल की प्रिंसिपल को मारी गोली, MDM के पैसों को लेकर हुआ विवाद

by Rohit Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर : देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चित्रपोका में एक पारा शिक्षक ने स्कूल की प्रधानाध्यापिका चांदनी कुमारी (42) को गोली मार दी। यह वारदात स्कूल परिसर में छात्रों के सामने हुई, जिससे पूरे स्कूल में दहशत का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद घायल प्रधानाध्यापिका को स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है, जबकि आरोपी शिक्षक शैलेश यादव घटना के बाद से फरार है।

मध्यान्ह भोजन योजना के पैसों पर हुआ विवाद

घायल प्रधानाध्यापिका चांदनी कुमारी ने बताया कि यह हमला मध्यान्ह भोजन योजना (MDM) के पैसों को लेकर हुआ। शिक्षक शैलेश यादव स्कूल में इस योजना के तहत आने वाले फंड में हिस्सा मांग रहे थे। जब प्रधानाध्यापिका ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो शैलेश यादव ने गुस्से में आकर क्लासरूम में घुसकर उन पर गोली चला दी।

हत्या की रची थी साजिश

चांदनी कुमारी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी पहले से ही उनकी हत्या की साजिश रच रहा था। इस विवाद के चलते वह लगातार धमकियां दे रहा था। चांदनी ने बताया कि शैलेश यादव मुझे नुकसान पहुंचाने की फिराक में था। जब मैंने पैसे देने से मना किया, तो उसने मुझे मारने की कोशिश की। शुक्र है कि गोली सिर्फ मेरे हाथ में लगी।

स्कूल में फैली दहशत

गोलीबारी की घटना के बाद स्कूल के छात्र और शिक्षक दहशत में हैं। स्कूल प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल स्कूल बंद कर दिया है। पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और आरोपी की तलाश जारी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

मोहनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पारा शिक्षक शैलेश यादव फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना के पीछे के सभी कारणों की पूरी जांच की जाएगी।

Read Also : Hemant 4.0 : हेमंत सोरेन ने झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने की शिरकत

Related Articles