Jamshedpur : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित लुआबासा गांव में 17 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि किशोर शादी समारोह में डांस कर खुशी-खुशी घर लौटा था, लेकिन कुछ घंटों बाद उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान चैतन्य सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक गांव की ही एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था और आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उसने आत्महत्या की। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। परिवार के सदस्य दूसरे गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 12:30 बजे जब वे घर लौटे तो चैतन्य का शव फंदे से लटकता मिला।
परिजनों ने बताया कि चैतन्य शादी समारोह में काफी खुश नजर आ रहा था और उसने दोस्तों के साथ जमकर डांस भी किया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। गोविंदपुर थाना पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बोड़ाम में भी किशोर ने लगाई फांसी
इधर, पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में भी एक और किशोर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। पहाड़पुर गांव निवासी 16 वर्षीय वैद्यनाथ बेसरा का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला। परिजनों के अनुसार वह 10 मई की शाम मेला जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन अगले दिन उसका शव बरामद हुआ।
वैद्यनाथ के पिता सुनील बेसरा ने बताया कि बेटे के आत्महत्या करने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि वैद्यनाथ एक अच्छा फुटबॉल खिलाड़ी भी था।

