नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं के आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल होने का सिलसिला जारी है। ताजा घटनाक्रम में, पटेल नगर विधानसभा सीट से जाटव समाज के प्रमुख नेता प्रवेश रतन बुधवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गये।

मनीष सिसोदिया ने किया स्वागत
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने प्रवेश रतन का पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने कहा, “प्रवेश रतन ने अरविंद केजरीवाल के कामों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। हमारी सरकार ने दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क जैसे अहम मुद्दों पर बेहतरीन काम किया है, जिससे लोग प्रभावित हुए हैं।”
केजरीवाल की नीतियों से प्रेरित : प्रवेश रतन
आप में शामिल होने के बाद प्रवेश रतन ने कहा, “दिल्ली सरकार ने शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शानदार काम किया है। मैं अरविंद केजरीवाल के कामों से प्रेरित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहा हूं। खासकर केजरीवाल की ‘6 रेवड़ी’ योजना ने जाटव और गरीब समाज की जीवनशैली में बड़ा बदलाव किया है। हम इसे और आगे बढ़ाएंगे।” उनका कहना था कि केजरीवाल सरकार की योजनाओं से जाटव समाज को बहुत लाभ हो रहा है और उनका उद्देश्य इस बदलाव को आगे बढ़ाना है।
बाबा साहेब के सपनों को साकार कर रही सरकार : दुर्गेश पाठक
आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक ने इस अवसर पर कहा, “अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी सरकार बाबा साहेब अंबेडकर के सपनों को साकार कर रही है। हमारे समाज हितैषी कार्यों से गरीब और जाटव समाज को लाभ हुआ है। इन कार्यों और केजरीवाल की विचारधारा से प्रभावित होकर प्रवेश रतन बीजेपी छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।”
बीजेपी के टिकट पर लड़ा था चुनाव
प्रवेश रतन ने लगभग 20 साल तक भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहकर पटेल नगर विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। अब आम आदमी पार्टी उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में इसी सीट से उतार सकती है।
पटेल नगर सीट पर दिलचस्प मुकाबला
पटेल नगर सीट पर इस बार दिलचस्प मुकाबला हो सकता है। यहां से पहले विधायक रहे और दिल्ली सरकार में मंत्री राजकुमार आनंद भी जाटव समाज से आते हैं, जो अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं। वह इस बार बीजेपी के टिकट पर पटेल नगर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी के प्रवेश रतन और बीजेपी के राजकुमार आनंद के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
बीजेपी को पहले भी लग चुका है झटका
इससे पहले 4 नवंबर को, लक्ष्मी नगर सीट से बीजेपी के वरिष्ठ नेता बीबी त्यागी भी आम आदमी पार्टी का दामन थामा चुके हैं। बीबी त्यागी बीजेपी से निगम पार्षद रह चुके हैं और लक्ष्मी नगर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके थे।
दल-बदल का सिलसिला तेज, चुनावी रणनीति में बदलाव
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही नेताओं के दल-बदल का सिलसिला तेज हो गया है, जो दोनों प्रमुख दलों के लिए चुनावी रणनीति में बदलाव का संकेत देता है।
Read Also- Ranchi Fire : फिरायायलाल चौक में विसन इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान

