गोरखपुर : महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद संस्थापक सप्ताह समारोह का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह कल मंगलवार को एमपी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित होगा। नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। वे आज शाम तक गोरखपुर पहुंच जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मंच से 800 मेधावियों को पुरस्कृत किया जाएगा। समापन समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।


आज घोषित होगा स्वर्ण पदक विजेताओं के नाम
महाराणा प्रताप संस्थापक सप्ताह समारोह संचालन समिति के सदस्य डॉ. नितीश शुक्ल ने बताया कि संस्थापक सप्ताह समारोह में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सोमवार को तीन वर्गों कनिष्ठ, माध्यमिक और वरिष्ठ वर्ग में अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता के साथ ही उदीयमान कवि गोष्ठी भी आयोजित होगी। शिक्षा परिषद के जिन विद्यार्थियों ने किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, समापन समारोह में उन्हें भी पुरस्कृत किया जाएगा। उनके नाम की घोषणा आज होगी। इसके अलावा सोमवार को ही स्वर्ण पदक पाने वालों के नाम भी घोषित किए जाएंगे। मंच से सम्मानित होने वाले मेधावियों का रिहर्सल सोमवार को दिन में तीन बजे से महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के मैदान में होगा।
सीएम ने किया वय वंदन कार्ड वितरण का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सोमवार को दिग्विजयनाथ पार्क में वय वंदन कार्ड के वितरण का शुभारंभ किया। उन्होंने कुछ बुजुर्ग लाभार्थियों को यह कार्ड प्रदान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। गौरतलब है कि आयुष्मान वय वंदन कार्ड आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकते हैं। इस योजना का लाभ लेने के लिए आय सीमा का कोई बंधन नहीं है। पात्र बुजुर्ग अपने आधार कार्ड के माध्यम से नामांकन करवा सकते हैं।
जिले में बन चुके हैं 8325 वय वंदन कार्ड
गोरखपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष दूबे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक जिले में 8325 बुजुर्ग आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनवा चुके हैं। पूरे प्रदेश में इस योजना के अंतर्गत नामांकन अभियान जारी है।
Read Also: भोजपुरी का सामाजिक-मनोवैज्ञानिक उपन्यास है ‘भँवरा’: प्रो. आरडी राय

