सेंट्रल डेस्क : कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में जंगल की भीषण आग ने पूरे क्षेत्र को त्राहिमाम की स्थिति में डाल दिया है। तेज हवाओं और सूखे मौसम के कारण यह आग नियंत्रण से बाहर हो गई है, जिसके चलते अब तक 16 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और 12,000 से अधिक घर जलकर खाक हो चुकी हैं। आग पर काबू पाने के लिए फायरफाइटर्स की पूरी टीम जुटी हुई है, लेकिन आग की लपटें और बेकाबू हवाओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है।
तेज हवाओं ने आग को और बढ़ाया, 100,000 लोग हुए विस्थापित
लॉस एंजिल्स काउंटी के विभिन्न इलाकों में फैली यह आग अब विनाशकारी रूप ले चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि आग के फैलने का मुख्य कारण तेज हवाएं हैं, जो रात भर और सोमवार से शुरू होने वाले सप्ताह में और भी विकराल हो सकती हैं। आग ने अब तक लगभग 39,000 एकड़ भूमि को जलाकर राख कर दिया है और इस पर काबू पाने के लिए फायरफाइटर्स निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
इस भीषण अग्निकांड ने लॉस एंजिल्स के पैसिफिक पैलिसेड्स, ईटन और अन्य इलाकों को बुरी तरह प्रभावित किया है। पैसिफिक पैलिसेड्स क्षेत्र में आग 22,000 एकड़ से अधिक इलाके में फैल चुकी है, जिससे सैकड़ों घर जल गए हैं और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने पर मजबूर हो गए हैं। अब तक 100,000 से अधिक लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं।
फायर व्हर्ल्स और फायरनाडो का खौफ
पैलिसेड्स इलाके में एक डरावनी घटना घटी, जिसमें आग की लपटें एक भंवर की तरह घूमने लगीं। इसे फायर व्हर्ल्स (Fire Whirls) या फायर डेविल्स (Fire Devils) कहा जाता है, जो तब बनते हैं जब गर्म हवा और गैसें एक भंवर का रूप लेती हैं और यह आग, धुआं और मलबे को हवा में घेर लेती हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यह फायर व्हर्ल्स दिखाई दे रहे हैं। इसे ‘फायरनाडो’ भी कहा जाता है, जो वास्तव में आग और आंधी का खतरनाक संयोजन है।
मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, 13 लोग लापता
अब तक आग में 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 13 अन्य लोग अभी भी लापता हैं। डॉग स्क्वायड की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, ताकि आग के बीच से शवों को निकाला जा सके और लापता लोगों की खोज की जा सके। इस दौरान कई घरों और संरचनाओं में आग की चपेट में आने से भारी नुकसान हुआ है।
आग की लपटें ब्रेंटवुड, सैन फर्नांडो वैली तक पहुंची
लॉस एंजिल्स काउंटी के फायर चीफ एंथनी मैरोन ने बताया कि आग अब सैन फर्नांडो वैली और ब्रेंटवुड जैसे इलाकों तक पहुंचने का खतरा पैदा कर चुकी है। ब्रेंटवुड एक पॉश इलाका है, जहां कई मशहूर हस्तियां भी रहती हैं, जैसे कि अर्नोल्ड श्वार्जनेगर। इसके अलावा, 405 फ्रीवे के पास भी आग फैलने का खतरा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि हवा की गति तेज रहती है तो आग और अधिक फैल सकती है।
कैलिफोर्निया को हुई भारी आर्थिक क्षति
कैलिफोर्निया के जंगलों में 7 जनवरी से लगी यह आग अब तक नहीं बुझाई जा सकी है। आग ने 39,000 एकड़ क्षेत्र को नष्ट कर दिया है, जो सैन फ्रांसिस्को सिटी से भी बड़ा है। शुरुआती अनुमानों के अनुसार इस आग से 135 से 150 अरब डॉलर तक का आर्थिक नुकसान हो सकता है, जिससे यह अमेरिकी इतिहास की सबसे बड़ी और विनाशकारी जंगल की आग बन सकती है।
राष्ट्रपति बाइडेन ने घोषित की आपदा, अंतरराष्ट्रीय मदद का आगाज
इस विकट स्थिति को देखते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने फेमा (Federal Emergency Management Agency) के माध्यम से पीड़ितों के लिए सहायता की घोषणा की है और इस वाइल्डफायर को आपदा घोषित किया है। राष्ट्रपति बाइडेन ने राज्य और स्थानीय अधिकारियों से मिलकर सरकारी सहायता के समन्वय की दिशा में कदम उठाए हैं।
इसके साथ ही, कैलिफोर्निया को पड़ोसी राज्यों के साथ-साथ कनाडा और मैक्सिको से भी मदद मिल रही है। अग्निशामक दल अब हेलिकॉप्टर और एयर फायरटेंडर्स का उपयोग कर आग पर काबू पाने के प्रयास कर रहे हैं। इन उपकरणों से पानी और अग्निरोधी रसायन गिराए जा रहे हैं, ताकि आग को बुझाया जा सके और विनाश को कम किया जा सके।
Read Also- Bhopal News : सौरभ शर्मा के सोने और कैश से लदी कार मामले में बड़ा खुलासा, जांच में तेजी

