इंफाल : मणिपुर में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान ने गुरुवार की देर शाम इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग में अपने ही कैंप के अंदर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में उसके दो साथियों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मणिपुर पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि जवान सीआरपीएफ की 120वीं बटालियन का था।
अधिकारियों ने बताया कि इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल स्थित सीआरपीएफ के कैंप में रात करीब साढ़े 8 बजे यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि हवलदार संजय कुमार ने अपनी बंदूक से गोली चलाई, जिससे एक कांस्टेबल और एक सब-इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कुमार ने खुद को भी गोली मार ली। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गोलीबारी में घायल सीआरपीएफ के आठ अन्य जवानों को इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच जारी है। गोलीबारी के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस तरह की घटनाएं सुरक्षा बलों में मानसिक तनाव और कार्यस्थल की चुनौतियों को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती हैं। पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। घायल जवानों को इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (आरआईएमएस) में भर्ती कराया गया है।
मणिपुर पुलिस ने एक ट्वीट में बताया कि एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, आज रात लगभग 8 बजे, इंफाल पश्चिम जिले के अंतर्गत लामसांग में एक सीआरपीएफ कैंप के अंदर एक संदिग्ध की हत्या का मामला सामने आया, जिसमें एक सीआरपीएफ जवान ने अपने ही साथियों पर गोली चला दी, जिसमें 2 की मौत हो गई और 8 अन्य जवान घायल हो गए। बाद में, उसने सर्विस आर्म्स का उपयोग करके खुदकुशी कर ली। ये जवान एफ-120 कॉय सीआरपीएफ के थे। पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

