Home » High Alert on Ramnavmi In UP: संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

High Alert on Ramnavmi In UP: संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था के तहत महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। डीजीपी ने कहा है कि जुलूस और शोभा यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बॉक्स फार्मेट में लगाई जाए।

by Anurag Ranjan
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लखनऊ : राम नवमी के अवसर पर यूपी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी मुस्तैदी बरती जा रही है। प्रदेश के सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है और डीजीपी प्रशांत कुमार ने सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत निर्देश दिए हैं। खासतौर पर अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अन्य प्रसिद्ध देवी मंदिरों पर भी उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

अयोध्या के अलावा, प्रदेश के अन्य प्रसिद्ध देवी मंदिरों पर भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिसके मद्देनजर मुख्य द्वार पर प्रवेश नियंत्रण और एंटीसेबोटाज चेकिंग की व्यवस्था की जाएगी। सभी संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए निरंतर निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।

मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था के तहत महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। डीजीपी ने कहा है कि जुलूस और शोभा यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बॉक्स फार्मेट में लगाई जाए और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए।

पूर्व के विवादों को ध्यान में रखते हुए, संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करके वहां पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही शांति समितियों, कार्यक्रम आयोजकों और धर्मगुरुओं के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।

यूपी 112 के साथ मिलकर की जाएगी गश्त और पेट्रोलिंग

वरिष्ठ अधिकारियों को इस दौरान भ्रमणशील रहने और प्रमुख मंदिरों, मेला स्थलों, जुलूस और शोभा यात्रा के मार्गों का निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया गया है। यूपी 112 के साथ मिलकर इन क्षेत्रों में गश्त और पेट्रोलिंग की जाएगी, जिससे किसी भी असामान्य स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

इसके अलावा, नदी घाटों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं के स्नान के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त उपाय किए जाएंगे। नाव और गोताखोरों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि किसी भी दुर्घटना को रोका जा सके। चिकित्सा विभाग की टीम भी भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर तैनात रहेगी।

डीजीपी ने शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश देते हुए इंटरनेट मीडिया की निरंतर निगरानी करने की बात कही। किसी भी भ्रामक पोस्ट का तत्काल खंडन किया जाएगा और ऐसे पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read Also: UP News: ऑनलाइन परीक्षा में धोखाधड़ी कर दारोगा की नौकरी पाने वाला गिरफ्तार, FIR दर्ज

Related Articles